बिजनौर- राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन पर हुए हमले के विरोध में सपाईयों ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाए वर्तमान यूपी सरकार में अपराधिक घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है। आम जनता तो छोड़ो जनप्रतिनिधियों पर भी हमले हो रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपाई पहले पार्टी कार्यालय में इकट्ठा हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राज्य सभा सांसद पर हुए हमले के विरोध में जिलाधिकारी जसजीत कौर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

करणी सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

सपा विधायक तसलीम अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर यह प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि करणी सेना ने सांसद रामजीलाल सुमन के आवास और बुलंदशहर जाते समय उनके काफिले पर हमला किया था। जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।

सरकार PDA पर अत्याचार कर रही- सपा विधायक

नगीना से सपा विधायक मनोज पारस ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पीडीए, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग पर अत्याचार कर रही है। सांसद रामजीलाल सुमन पर हमले की घटना में कोई कार्रवाई नहीं की गई।

करणी सेना बैन और यूपी सरकार बर्खास्त हो

प्रदर्शन में मौजूद सैंकड़ो कार्यकर्ताओं ने यूपी सरकार का जबरदस्त विरोध किया। सपाईयों ने कहा करणी सेना पर प्रतिबंध लगाया जाये और प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नगीना से विधायक मनोज पारस, नजीबाबाद से विधायक तसलीम अहमद, चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश, डॉ रमेश तोमर, पूर्व विधायक नईम उल हसन, श्लोक पवार, अखलाक पप्पू सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:

Community Feedback