बिजनौर- गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिले के रेहड़ क्षेत्र में किसान की पशुशाला में आग लग गई। आग से वहां रखा ईंधन, भूसा समेत अन्य सामान जल गया। वहीं, वहां बंधी गाय भी झुलस गई। सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने आग पर काबू पाया।
यह घटना गांव कल्लूवाला में बुधवार रात हुई। गांव में राजू सैनी का मकान व पशुशाला आसपास में बनी है। पशुशाला में पशु बंधने के अलावा ईंधन, भूसा व अन्य सामान रखा रहता है। पशुशाला के उपर छप्पर रखा हुआ है। रात किसी समय अचानक पशुशाला के छप्पर में आग लग गई। वहां सो रहे किसान की अचानक आंख खुली तो आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं। यह देख उसके होश उड़ गए। शोर सुनकर परिजन व ग्रामीण वहां पहुंच गए, लेकिन वहां रखे उपलों ने भी आग पकड़ ली। जिसके चलते वह आग पर काबू नहीं कर पाए। इस दौरान आग से 15 किंवटल भूसा, दस किवंटल ईंधन जल गया। जबकि एक गाय झुलस गई।
सूचना पर पुलिस व दमकल कर्मियों की टीम वहां पहुंची। उसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। किसान राजू सैनी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। सूचना पर गुरूवार को राजस्व विभाग की टीम वहां पहुंची और जायजा लिया। उधर, आग से झुलसी गाय का उपचार कराया जा रहा है।
Community Feedback