गाजियाबाद: गाजियाबाद के मुरादनगर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। लगभग 500 साल पुरानी ऐतिहासिक सराय पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए हेल्प एशियन फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

हेल्प एशियन फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष यूसुफ खान ने आरोप लगाया है कि कुछ भ्रष्ट अधिकारियों और स्थानीय रसूखदारों की मिलीभगत से इस ऐतिहासिक स्थल की गुंबदें तोड़ी जा रही हैं और वहां पक्के निर्माण किए जा रहे हैं। वह बोले “यह लगभग 500 साल पुरानी सराय है, जिसे शेरशाह सूरी ने बनवाया था। आज इस पर भूमाफिया और असामाजिक तत्व कब्जा कर रहे हैं। हमने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, एसडीएम और सभी संबंधित विभागों को शिकायत भेजी है। अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो हम हाईकोर्ट और जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।” संस्था का कहना है कि इस अवैध कब्जे की पुष्टि गूगल मैपिंग और स्थल निरीक्षण से भी की जा सकती है।

इस पूरे मामले पर नगर पालिका परिषद मुरादनगर के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होने कहा कि “हम इस स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। इसका खसरा नंबर निकलवाया जा रहा है। यदि यह सरकारी ज़मीन पाई गई तो तुरंत अवैध कब्जा हटाया जाएगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।” हेल्प एशियन फाउंडेशन ने साफ किया है कि अगर प्रशासन चुप बैठा रहा तो वह इस सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा के लिए जन आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगा।

मुरादनगर नगर पालिका क्षेत्र की सराय को एक ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है। हेल्प एशियन फाउंडेशन ने आरोप लगाया है कि सराय पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है।


Tags:

Community Feedback