बिजनौर- आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दुष्कर्म के मामले में फंस गए हैं। मुंबई की महिला ने वहीं के थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिसके बाद पुलिस ने उनके धामपुर स्थित आवास पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगे। पुलिस उनकी लगाताक तलाश मे जुटी हुई है।
धामपुर नगर के मोहल्ला नई सराय निवासी आवेज ताजीम अहमद आजाद समाज पार्टी में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य है। आवेज ने लॉयन ग्रुप ऑफ इंडिया नाम से एक सामाजिक व मानवीय अधिकार संगठन भी बनाया हुआ है। जिसका वह राष्ट्रीय अध्यक्ष है। वह धामपुर के अलावा मुंबई में भी रहता है।
धामपुर कोतवाली के प्रभारी राजेश चौहान ने बताया कि मुंबई में जोगेश्वरी ईस्ट स्थित मेघावाड़ी पुलिस स्टेशन में कुछ समय पहले एक महिला ने आवेद पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। उसके बाद से ही वह फरार चल रहा है। आवेज की तलाश में मेघावाड़ी थाने के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सम्राट बाग अपनी टीम के साथ धामपुर आए। उन्होंने स्थानीय पुलिस के साथ उनके आवास के अलावा अन्य ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन तलाश के बावजूद आवेज नहीं मिला।
बताया जाता है कि टीम तीन दिनों से धामपुर में ही डेरा डाले हुए थी। उन्हें खबर मिली थी कि आवेज धामपुर में अपने आवास पर छिपा हो सकता है। जिसके बाद मुंबई पुलिस की टीम ने दबिश की कार्रवाई की। लेकिन उसके न मिलने पर पुलिस मुंबई के लिए वापस रवाना हो गई। उधर, आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर के प्रतिनिधि व जिला पंचायत सदस्य विवेक सेन का कहना है कि आवेज पहले कार्यकारिणी सदस्य थे, लेकिन अब वह पार्टी में सक्रिय नहीं हैं। इस मुकदमे के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो इसकी पार्टी स्तर से जांच कराई जाएगी।
Community Feedback