बिजनौर- बिजनौर में दो हजार रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद में एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। एक ही हालत चिंता जनक बनी है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


यह घटना जिले की झालू कस्बे में शनिवार देर रात हुई। कस्बा निवासी निवासी 18 वर्षीय हिमांशु पुत्र बिट्टू शनिवार रात बाजार गया। यहां पर सचिन पुत्र पुनीत ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। बताया जा रहा है कि हिमांशु पर सचिन पक्ष के दो हजार रुपये चाहिए थे। यही नहीं चाबी निकालने के दौरान मारपीट भी हुई। हालांकि, बाजार में लोगों ने दोनों को किसी तरह समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। इसके बाद हिमांशु ने घर पहुंचकर परिजनों को इसके बारे में बताया।


इसके बाद गुस्साए हिमांशु के परिवार वाले और उसके पिता सचिन के घर पर पहुंच गए। उन्होंने सचिन के परिवार वालों से घटना के बारे में बताया। लेकिन, यहां बातों ही बातों में विवाद और बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद के बीच बीच गोलियां चल गईं। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। वहीं, इस दौरान गोली बिट्टू के कंधे और रुपेश के हाथ में लगी। जिससे दोनों घायल हो गए। गोली लगने के बाद घायल हुए दोनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया।


जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, अस्पताल पहुंचे एसपी सिटी संजीव वाजपेई और सीओ सिटी संग्राम सिंह ने मामले की जानकारी ली। एसपी सिटी ने बताया कि रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की बात सामने आई है। गोली मारने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल गोली लगने से घायल हुए युवकों की जान खतरे से बाहर है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:

Community Feedback